डेस्क न्यूज
05 June, 2026
राजनीति
समय-सीमा और गुणवत्ता पर सख्त निर्देश, कहा- नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में मील का पत्थर बनेगा प्रोजेक्ट
नीमच। प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने गुरुवार को नीमच जिले की रामपुरा तहसील स्थित ग्राम खिमला पहुंचकर निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के निर्माण कार्यों, तकनीकी व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री शुक्ला ने प्रोजेक्ट साइट का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा ग्रीनको अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की। ग्रीनको परिसर में आयोजित बैठक में पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खिमला में निर्माणाधीन यह पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह परियोजना न केवल स्वच्छ और हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
मंत्री श्री शुक्ला ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही पर्यावरणीय मानकों के पूर्ण पालन पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुश्री किरण आजना, जिला अक्षय अधिकारी राजेन्द्र गोयल, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग (RUMSL) के अनिश कंसाना एवं पंकज तिवारी, अक्षय ऊर्जा विभाग के अधिकारी, लोक निर्माण, राजस्व एवं विद्युत विभाग के अधिकारी तथा ग्रीनको परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट को मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल किया जाता है, जिससे भविष्य में प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।