ताजासमाचार

गांधीवादी चेहरा मीनाक्षी नटराजन को कांग्रेस ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

डेस्क न्यूज 05 June, 2026 राजनीति

नीमच-मंदसौर की पूर्व सांसद पर पार्टी ने जताया भरोसा, मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने का फैसला

नीमच। कांग्रेस ने राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष की मंजूरी के बाद जारी सूची में मध्यप्रदेश से पूर्व सांसद एवं गांधीवादी विचारधारा की प्रमुख नेता को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में मीनाक्षी नटराजन के नाम की आधिकारिक घोषणा की गई। उनके चयन को कांग्रेस संगठन में लंबे समय से किए गए कार्य, वैचारिक प्रतिबद्धता और गांधीवादी राजनीति के प्रति समर्पण का सम्मान माना जा रहा है।

मीनाक्षी नटराजन का नीमच-मंदसौर क्षेत्र से गहरा जुड़ाव रहा है। वे इस क्षेत्र का लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और संगठनात्मक स्तर पर भी कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। सादगी, वैचारिक स्पष्टता और जमीनी राजनीति के कारण उन्हें कांग्रेस के विचारशील चेहरों में गिना जाता है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में वैचारिक और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर मजबूत संदेश देने के लिए मीनाक्षी नटराजन पर दांव लगाया है। राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा के बाद नीमच-मंदसौर अंचल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

कांग्रेस द्वारा जारी सूची में कर्नाटक से पवन खेड़ा, राजस्थान से नीरज डांगी, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा सहित अन्य नेताओं को भी उम्मीदवार घोषित किया गया है।

Related Post