डेस्क न्यूज़
02 June, 2026
अन्य
नीमच \ सिंगोली। सोमवार रात सिंगोली नगर में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। नगर के एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मृतकों की पहचान सोसर बाई धनोतिया एवं उनके पुत्र नीलेश धनोतिया के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के समय अचानक मकान की छत गिरने की तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही सिंगोली पुलिस, डायल-112 की टीम, नगर परिषद के कर्मचारी तथा प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया।
राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे को हटाकर उसमें दबे मां-बेटे को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल नीलेश धनोतिया ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं सोसर बाई धनोतिया की भी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे की खबर फैलते ही पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में नगरवासी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नगर के सामाजिक, धार्मिक एवं जनप्रतिनिधियों ने भी शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा सिंगोली नगर के लिए एक बड़ी और अपूरणीय क्षति है। मां-बेटे की एक साथ हुई असामयिक मृत्यु ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पूरे नगर में इस घटना को लेकर गहरा दुख और संवेदना का माहौल बना हुआ है।