ताजासमाचार

फोर जीरो चौराहा हादसा: 'मध्य प्रदेश शासन' लिखी कार स्विमिंग पूल परिसर से जब्त, सड़क पर तड़पती महिला को छोड़ भागा रसूखदार चालक अब भी फरार

डेस्क न्यूज़ 01 June, 2026

नीमच। शहर के प्रमुख फोर जीरो चौराहे पर अल सुबह स्कूटी सवार बुजुर्ग महिला को टक्कर मारने वाली कार को लेकर सोमवार को एक बड़ा और चौंकाने वाला अपडेट सामने आया है। केंट पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी कैमरों की कड़ियां जोड़ते हुए दुर्घटना में शामिल सेंट्रो कार को लावारिस हालत में जब्त कर लिया है। हालांकि, हादसे को अंजाम देने वाला रसूखदार चालक अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब जब्त की गई कार पर "मध्य प्रदेश शासन" लिखा हुआ मिला, जिसके बाद से ही प्रशासनिक और सियासी हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।

स्विमिंग पूल के पास छुपाकर भागा था 'शासकीय' बोर्ड लगी कार
केंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि शनिवार को हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपी वाहन की तलाश में जुटी थीं। शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आखिरकार पुलिस कार तक पहुंच गई। पुलिस ने सेंट्रो कार (क्रमांक MP 44 CA 2510) को नगरपालिका स्विमिंग पूल परिसर के पास से लावारिस हालत में बरामद किया है।

परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, यह कार राजेंद्र कुमार यादव के नाम पर पंजीकृत है। कार के पीछे बड़े अक्षरों में 'मध्य प्रदेश शासन' लिखा हुआ है, जिससे साफ है कि वाहन या तो किसी सरकारी विभाग से संबद्ध है या फिर किसी शासकीय कर्मचारी का है। माना जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से चालक कार को स्विमिंग पूल परिसर में छुपाकर फरार हो गया।

मंदिर जा रही बुजुर्ग महिला को मारी थी टक्कर, आए 4 फ्रैक्चर
यह पूरी घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे की है। शिक्षक कॉलोनी की रहने वाली अनीता छाजेड़ रोजाना की तरह सुबह स्कूटी से मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं। जैसे ही वे फोर जीरो चौराहा क्रॉस कर रही थीं, तभी विजय टॉकीज की तरफ से फव्वारा चौक की ओर जा रही तेज रफ्तार सेंट्रो कार के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से महिला वाहन सहित सड़क पर दूर जा गिरीं। 
कार चालक मदद करने के बजाय मौके से रफूचक्कर
दुर्घटना में दोनों पक्ष की गलती को लेकर भी शहर में विभिन्न तरह की चर्चाएँ हैं। लेकिन बड़ी बात यह है कि हादसे के बाद कार चालक ने इंसानियत को शर्मसार किया और गंभीर रूप से घायल महिला की मदद करने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। परिजनों के मुताबिक, इस दुर्घटना में महिला के हाथ और कंधे में चार गंभीर फ्रैक्चर आए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सीसीटीवी में कैद हुई थी लाइव टक्कर, जनता में भारी आक्रोश
हादसे का लाइव वीडियो चौराहे के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपी चालक की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। 'मध्य प्रदेश शासन' लिखी कार होने के कारण लोगों में इस बात को लेकर भी चर्चा है कि क्या किसी रसूख के चलते चालक को बचाने का प्रयास किया जा रहा है?

केंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने स्पष्ट किया है कि गाड़ी जब्त की जा चुकी है और चालक की तलाश की जा रही है। आरोपी चालक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Post