डेस्क न्यूज़
01 June, 2026
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सीबीएन मध्यप्रदेश की मंदसौर इकाई और जावरा सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 100.980 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक स्कोडा कार भी जब्त की गई है।
सीबीएन को गुप्त सूचना मिली थी कि मंदसौर क्षेत्र से डोडाचूरा की एक बड़ी खेप महाराष्ट्र के नासिक भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर मंदसौर और जावरा की संयुक्त टीम ने माननखेड़ा टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कोडा कार टोल प्लाजा की ओर आती दिखाई दी। कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मौजूदगी का आभास होते ही चालक ने अचानक वाहन को यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद सीबीएन अधिकारियों ने हाई-स्पीड पीछा शुरू किया।
भागने के प्रयास में तस्कर ने विभागीय वाहन को भी टक्कर मार दी, लेकिन टीम ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए वाहन को महू-नीमच रोड स्थित कचनारा के पास न्यू कोटड़ी श्याम होटल के सामने घेराबंदी कर रोक लिया।
तलाशी के दौरान खुलासा हुआ कि स्कोडा कार को तस्करी के लिए विशेष रूप से मॉडिफाई किया गया था। कार की पिछली सीट हटाकर एक गुप्त चैंबर बनाया गया था, जिसमें छह बोरियों में डोडाचूरा छिपाकर रखा गया था। जांच में कुल 100.980 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद डोडाचूरा और स्कोडा कार को जब्त कर लिया गया तथा चालक को एनडीपीएस एक्ट 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।