ताजासमाचार

नीमच में महिला की रहस्यमयी मौत! खेत में मिला शव, पास खड़ी थी स्कूटी… जांच में जुटी पुलिस

डेस्क न्यूज़ 24 May, 2026


नीमच। शहर के केंट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक महिला का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला शाम को घर से स्कूटी लेकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजन तलाश करते हुए खेत तक पहुंचे, जहां स्कूटी बाहर खड़ी मिली और अंदर महिला बेसुध हालत में पड़ी थी। पास ही जहरीले पदार्थ की शीशी भी मिली है।

जानकारी के अनुसार विकास नगर निवासी अर्पिता पति आशीष जैन शनिवार शाम करीब 6 बजे घर से निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर केंट थाने में सूचना दी गई और सोशल मीडिया पर गुमशुदगी का पोस्टर भी वायरल किया गया।

देर रात परिजन नीमच-भरभड़िया रोड पर पिनेकल स्कूल से कनावटी जाने वाले मार्ग पर पहुंचे। यहां एक खेत के बाहर अर्पिता की स्कूटी खड़ी दिखाई दी। जब परिजन खेत के अंदर पहुंचे तो अर्पिता जमीन पर बेसुध हालत में पड़ी मिलीं। मौके पर जहरीले पदार्थ का एक पाउच भी बरामद हुआ।

सूचना मिलते ही केंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार अर्पिता पिछले करीब चार वर्षों से पेट की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और उनका लगातार इलाज चल रहा था। बीमारी से परेशान होकर वह मानसिक तनाव में रहने लगी थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उन्होंने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्मघाती कदम उठाया।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Post