ताजासमाचार

बघाना में शासकीय जमीन पर बिना अनुमति निर्माण का आरोप, रास्ता रोकने और धमकाने की शिकायत, अवैध रूप से तान दिए मकान 

डेस्क न्यूज़ 20 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर के बघाना स्थित मिठी बाई हाता क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और निर्माण को लेकर रहवासियों ने कलेक्टर से शिकायत की है। प्रार्थीया रूकसाना पत्नी अशरफ ने जनसुनवाई में आवेदन देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर बिना अनुमति के कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों की रजिस्ट्री 12×50 फीट की होने के बावजूद करीब 30-30 फीट तक अतिरिक्त भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण किया जा रहा है। बताया गया कि जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा है, वह नगरपालिका नीमच के आधिपत्य की खुली जमीन है, जिसका उपयोग अब तक मोहल्ले के लोग बच्चों के खेल, सामाजिक गतिविधियों और पार्किंग के लिए करते रहे हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब रहवासियों ने अवैध निर्माण का विरोध किया, तो संबंधित लोग विवाद करने पर उतारू हो गए और धमकियां देने लगे। साथ ही आने-जाने के रास्ते में भी बाधा उत्पन्न की जा रही है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन रही है।

फरियादी फरीद खान ने बताया कि बिना अनुमति निर्माण कार्य जारी है, जिसमें आसिफ अली, भूरा और मुन्ना पेंटर के नाम सामने आए हैं। उनका आरोप है कि इस मामले में नगरपालिका और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

रहवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सामान्य व्यवस्था बनी रहे।

Related Post