न्यूज डेस्क
27 May, 2025
शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई 11 दुकानें, मामला पहुंचा जनसुनवाई में
नीमच। जिले के सिंगोली तहसील स्थित आलोरी गरवाडा में शासकीय भूमि के सर्वे नंबर 47 पर अवैध रूप से 11 दुकानें निर्मित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
शिकायतकर्ता राकेश कुमार पिता शम्भुलाल चारण ने कलेक्टर हिमांशु चंद्र के नाम आवेदन सौंपा। जिसमें बताया कि चुन्नीलाल पिता दुलीराम चारण, महेन्द्र पिता चुन्नीलाल चारण और हिम्मत पिता चुन्नीलाल चारण द्वारा मिलकर इस शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर दुकानें बना दी गई हैं। सभी राजस्व रिकार्ड में यह भूमि शासकीय दर्ज है। राकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत के बावजूद, विपक्षीगणों के "राजनीतिक रसूख" के कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
शासकीय योजनाओं का दुरुपयोग और फर्जी दस्तावेज
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विपक्षीगण रतनगढ़-जावद मुख्य मार्ग पर भी कब्जा किए हुए हैं और उन्होंने मध्य प्रदेश शासन की योजनाओं का लाभ लेकर इन दुकानों का निर्माण किया है। जबकि यह स्पष्ट है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण नहीं किया जा सकता। राकेश कुमार का दावा है कि फर्जी दस्तावेज बनाकर इन योजनाओं का लाभ लिया गया है।
शिकायत कर्ता राकेश कुमार ने बताया कि विपक्षीगण आए दिन पड़ोसियों से विवाद करते हैं और कहते हैं कि उनका "शासन कुछ नहीं बिगाड़ सकता"। शिकायतकर्ता नें शासकीय भूमि को मुक्त करवाने और विपक्षीगणों के विरुद्ध सख्त से सख्त वैधानिक कार्यवाही की मांग जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा से की है।