डेस्क न्यूज़
14 May, 2026
अन्य
मनासा / नीमच | सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में मनासा और नीमच के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार, विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया है। मेधावी छात्र-छात्राओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
वर्तिका माहेश्वरी ने किया टॉप
वर्तिका माहेश्वरी ने Carmel Convent School से वाणिज्य संकाय में 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं नगर में प्रथम स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि वर्तिका ने बिना किसी कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी के दम पर यह शानदार सफलता हासिल की।
वर्तिका, श्रीमती शालिनी एवं महेश नंदवाना की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन को दिया। साहित्य में विशेष रुचि रखने वाली वर्तिका ने भविष्य में पर्यावरण एवं ऊर्जा क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा जताई है।
मीनाक्षी परिहार और आरुषि झंवर ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
विद्यालय की छात्रा मीनाक्षी परिहार ने 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि आरुषि झंवर ने 93.2 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
वंशिका तोमर ने नीमच का नाम किया रोशन
वहीं नीमच की प्रतिभाशाली छात्रा वंशिका तोमर ने Springwood School से कक्षा 12वीं परीक्षा में 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं परिवार का नाम गौरवान्वित किया।
वंशिका ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को दिया। परिणाम घोषित होते ही परिवार, विद्यालय और मित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने उनकी उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अबीर वधवा ने भी हासिल की शानदार सफलता
अबीर वधवा ने Carmel Convent School की कक्षा 12वीं परीक्षा में 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे मनासा शहर में तृतीय स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे वधवा परिवार में खुशी का माहौल है।
परिजनों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।