डेस्क न्यूज
11 May, 2026
प्रशासनिक
नीमच | जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्य को लेकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी उपार्जन केंद्रों पर खरीदी गई उपज का तत्काल परिवहन कर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी केंद्र पर गेहूं परिवहन के अभाव में लंबित नहीं रहना चाहिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, नागरिक आपूर्ति अधिकारी आर.एन. दिवाकर, उप संचालक कृषि दिनेश मंडलोई, सहायक आयुक्त सहकारिता राजू डाबर, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के आर.पी. नागदा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में केंद्रवार खरीदी गई उपज, परिवहन की स्थिति, गोदामों में भंडारण, स्लॉट बुकिंग, शेष किसानों और आगामी दिनों में संभावित उपार्जन की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्र मोरवन, जीरन, बावल, झांलता, सिंगोली, जाट, लासुर, अल्हेड़ और हरवार में तत्काल अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि खरीदी गई उपज का समय पर परिवहन कर गोदामों में भंडारण कराया जा सके।
इसके साथ ही विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग उपार्जन केंद्रों का भ्रमण कर मौके पर परिवहन और भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को उनकी उपज का भुगतान भी बिना विलंब के सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।