डेस्क न्यूज़
10 May, 2026
अन्य
नीमच। जावद शहर में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से समोसा-कचौरी और चाट कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर बीएस कलेश के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर के बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि टीम ने समोसा-कचौरी बनाने वाले प्रतिष्ठानों पर तलने वाले तेल, मसालों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की। वहीं बस स्टैंड क्षेत्र में सब्जी और फल विक्रेताओं के यहां चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से हरी सब्जियों में कृत्रिम रंग और फलों में प्रतिबंधित कार्बाइड की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान सब्जियों में रंग और फलों में कार्बाइड नहीं मिला।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 8 नमूने जांच हेतु लिए गए। इनमें शानू मिष्ठान, रमेशचंद्र छीपा चाट सेंटर, पवन नाश्ता सेंटर और प्रजापत मिष्ठान से मूंगफली तेल, कचौरी, समोसा और पानी पूरी के पानी के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि जिलेभर में इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।