न्यूज डेस्क
24 May, 2025
नीमच जिले के रतनगढ़ क्षेत्र से एक दर्दनाक और चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।”
शुक्रवार की शाम एक मजदूर पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। यह हमला उस समय हुआ, जब मजदूर रमेश, रोज़ की तरह दिनभर की थकान मिटाने के लिए गुंजाली नदी में नहाने गया था। लेकिन उसे पता नहीं था कि उस शांत नदी की गहराइयों में उसके साथ क्या होने वाला है।
रमेश, सैलाना तहसील के बाजना गांव का रहने वाला है। वह रतलाम से नीमच मजदूरी करने आया था और बोरदिया रोड पर अपने साथियों के साथ रह रहा था। नहाते वक्त जैसे ही वह पानी में उतरा, अचानक एक मगरमच्छ ने उसके पैर को अपने जबड़े में जकड़ लिया।
“चीख-पुकार सुनकर उसके साथी दौड़े... और पत्थर बरसाकर किसी तरह रमेश को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया गया।”
हालत गंभीर थी। रमेश का पैर बुरी तरह जख्मी हो चुका था। उसे तुरंत रतनगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान तो बच गई, लेकिन चोट इतनी गहरी है कि लंबा इलाज जरूरी होगा।