डेस्क न्यूज़
24 April, 2026
अन्य
नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंगोली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 120 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया और एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को सिंगोली थाना पुलिस रतनगढ़ रोड क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवक संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और तेज गति से भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें बंधे कट्टों में अवैध मादक पदार्थ भरा हुआ मिला। जांच में कुल 120 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। जब्त मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।