ताजासमाचार

नीमच में “मेरी थैली मेरी सहेली” अभियान, कपड़े की थैलियां बांटकर दिया प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश

डेस्क न्यूज़ 17 April, 2026 अन्य

नीमच। बढ़ते प्रदूषण और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को देखते हुए शहर में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल सामने आई है। “मेरी थैली मेरी सहेली” अभियान के तहत महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी द्वारा शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 को सब्जी मंडी के मुख्य द्वार पर कपड़े की थैलियों का वितरण कर आमजन को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अभियान का आयोजन संस्था की अध्यक्ष रज़िया अहमद के सौजन्य से उनके ससुर की पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया। इस मौके पर लगभग 300 कपड़े की थैलियां सब्जी खरीदने आए लोगों और राहगीरों को वितरित की गईं। संस्था के सदस्यों ने लोगों को पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए स्वच्छता अभियान से जुड़ने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान आमजन से अपील की गई कि वे बाजार जाते समय अपनी कपड़े की थैली साथ लेकर आएं और प्लास्टिक बैग का उपयोग पूरी तरह बंद करें। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं। यदि हर व्यक्ति इस दिशा में सजग होकर कदम बढ़ाए, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक और स्थायी परिणाम सामने आ सकते हैं।

इस अवसर पर पूर्व गवर्निंग काउंसिल मेंबर सूरजमल अग्रवाल, ऑप्टिकल मेंबर मनोहरलाल बंम, महावीर प्रवाह संपादक के.के. जैन, डिप्टी डायरेक्टर महिला इंपावरमेंट वूमन्स आशा सांभर, केंद्र अध्यक्ष प्रदीप धाकड़, कोषाध्यक्ष प्रियंका पितलिया, माया वीरवाल, हरीश उपाध्याय सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। वहीं अखिल भारतीय मारवाड़ी क्लब की महिला प्रमुख विधा त्रिवेदी एवं कोषाध्यक्ष अलका गोयल भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष प्रियंका पितलिया द्वारा आभार व्यक्त किया गया। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम भी बन रही है।

Related Post