डेस्क न्यूज़
09 April, 2026
अन्य
नीमच। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की वादाखिलाफी और किसानों के प्रति अपनाए जा रहे दमनकारी रवैये के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी नीमच आज किसानों के पक्ष में सड़को पर उतरेगी । जिला कांग्रेस के नेतृत्व में कल, गुरुवार 9 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे शहर के 'फोर जीरो-भारत माता चौराहा' पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी प्रदेश सरकार के उस कुप्रबंधन को उजागर करेगी जिसने आज नीमच जिले सहित पूरे प्रदेश के किसानों को परेशान और मजबूर कर दिया हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि वर्तमान सरकार जानबूझकर गेहूं खरीदी की तारीखों को आगे बढ़ा रही है। पहले 23 मार्च से खरीदी शुरू होनी थी, जिसे बढ़ाकर अब कई जगह 15 अप्रैल कर दिया गया है। सरकार की इस लेत-लतीफी के कारण किसान औने-पौने दामों में अपनी उपज बेचने पर मजबूर हो गया है। सबसे गंभीर स्थिति उन किसानों की है जो सरकारी तौल न होने की वजह से समय पर अपना कर्ज जमा नहीं कर पाए। बिना किसी दोष के इन किसानों को 'डिफाल्टर' की श्रेणी में डाल दिया गया है, जो उनके साथ सरासर अन्याय है। कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि इन सभी प्रभावित किसानों को तत्काल नियमित श्रेणी में बहाल किया जाए।
आंदोलन के केंद्र में हाल ही में पालसोड़ा क्षेत्र में हुई भीषण ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुद्दा भी रहेगा। बाहेती ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे किसानों को अब तक उचित मुआवजा और फसल बीमा की बकाया राशि नहीं मिल पाई है। इसके विपरीत, प्रशासन पराली जलाने जैसे मुद्दों पर किसानों को अपराधी मानकर उन पर जबरन मुकदमे दर्ज कर रहा है, जबकि प्रशासन के पास पराली निस्तारण की कोई ठोस गाइडलाइन उपलब्ध नहीं है। साथ ही, नीमच-चीताखेड़ा-जीरन मार्ग की अत्यंत जर्जर हालत ने क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों का जीना मुहाल कर रखा है, जिसके पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से अनसुनी की जा रही है। इनके अतिरिक्त अन्य समस्याओं पर कांग्रेस मुखर रहेगी।
आज आयोजित होने वाले इस विशाल धरने के पश्चात राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तरुण बाहेती ने ने जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों,ब्लॉक अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से किसान भाइयों से आह्वान किया है कि वे भारी संख्या में भारत माता चौराहा पहुंचकर अपनी एकजुटता का परिचय दें और इस अहंकारी सरकार को किसानों की शक्ति का अहसास कराएं।