न्यूज डेस्क
02 April, 2026
नीमच | नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में जारी विकास कार्यों की श्रृंखला के तहत वार्ड क्रमांक 34 में ब्रह्माकुमारी आश्रम से गौधाम बालाजी तक 48.27 लाख रुपये की लागत से सड़क सौंदरीकरण कार्य का भूमि पूजन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
क्या होगा निर्माण
इस सड़क परियोजना के तहत:
11.5 मीटर चौड़ी सीसी सड़क
नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक
मार्ग का संपूर्ण सौंदरीकरण
परिहार बोले – विकास में नहीं आने देंगे कमी
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर इस मार्ग का भूमि पूजन एक पुनीत कार्य है। इससे गौधाम बालाजी एवं श्री चंद्रेश्वर नागदेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और नपा द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।
स्वाति चोपड़ा का बयान
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि गौधाम बालाजी मार्ग भक्तों के लिए एक अनुपम सौगात साबित होगा। इस मार्ग पर आधुनिक सुविधाओं के साथ सुंदर सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
कार्यक्रम में विधायक परिहार ने दी बड़ी सौगात:
गौधाम बालाजी में महिलाओं के जिम हेतु ₹25 लाख
चौरसिया समाज मंदिर में डोम निर्माण हेतु ₹25 लाख
भोलियावास से शिवधाम सरोवर तक सड़क निर्माण हेतु ₹1 करोड़
विरोधियों पर साधा निशाना
नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तक लगाए गए कोई भी आरोप सिद्ध नहीं हो पाए हैं, ऐसे में विरोधियों को जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और किसी के विरोध से रुकने वाले नहीं हैं।