ताजासमाचार

मनासा में गूंजा श्रीहनुमान चालीसा पाठ, हजारों भक्तों की उपस्थिति में हुआ भव्य सत्संग आयोजन

डेस्क न्यूज़ 01 April, 2026 अन्य

मनासा। सनातन परिवारों में समरसता, एकता, धार्मिक संस्कार एवं सामाजिक दायित्व बोध के जागरण के पावन उद्देश्य से नगर में पिछले 80 सप्ताह से निरंतर जारी श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का आयोजन इस सप्ताह भी अत्यंत भव्य रूप में सम्पन्न हुआ।

यह आयोजन श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के समीप पोरवाल कॉलोनी में हुआ, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होकर भक्ति में लीन नजर आए।

धर्म और आध्यात्म की नगरी मनासा में इस प्रकार के आयोजनों से संस्कारों की भावना और अधिक सुदृढ़ हो रही है। यह सत्संग अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा संत श्री चेतनराम जी की प्रेरणा से निरंतर आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ बाबूलाल गुप्ता, अरविंद गुप्ता, सत्यनारायण धनोतिया, बंशीलाल फरक्या एवं रामविलास मंडवारिया सहित अन्य गणमान्यजनों द्वारा भगवान श्रीहनुमान एवं श्री सालासर बालाजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

सामूहिक पाठ के दौरान भक्ति का अनूठा वातावरण देखने को मिला। राजकुमार मारु ने ‘लाल लंगोटो हाथ में सोटो’ भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं निरंजन पाराशर, बंशीलाल फरक्या, सत्यनारायण सोनी, श्याम चौधरी, अरुण झंवर, समरथ खाटवा एवं प्रकाश छत्ताणी ने भी अपने भजनों से भक्तिमय माहौल बनाया। कमल विजयवर्गीय द्वारा प्रस्तुत लावणी ‘हेलो हुणजे रे…’ पर श्रद्धालु झूम उठे।

इस अवसर पर नगर के श्री नाहरसिंह माता मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु सनातन सत्संग मंडल द्वारा ₹21,000 की राशि समर्पित करने की घोषणा की गई तथा सभी से सहयोग का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से महेंद्र पटवा एवं कुकड़ेश्वर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला पटवा उपस्थित रहे, जिन्होंने पूजन-अर्चन कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में 7 अप्रैल, मंगलवार को रात्रि 8:30 बजे श्री महेश्वरम् कॉलोनी, सब्जी मंडी के पास सपरिवार उपस्थित होने का आमंत्रण दिया गया।

Related Post