न्यूज डेस्क
28 March, 2026
अन्य
नीमच। सनातन धर्म के पावन पर्व राम नवमी के अवसर पर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर शुक्रवार रात्रि नीमच सिटी में भव्य एवं विशाल श्रीराम शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस गरिमामय आयोजन में नगरवासियों की भारी भागीदारी देखने को मिली और पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ कुड़ी हनुमान मंदिर, नीमच सिटी से भगवान श्रीराम की विधिवत आरती के साथ ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मंगल ध्वनि के बीच हुआ। यह भव्य यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—कोर्ट मोहल्ला, माहेश्वरी मोहल्ला होते हुए पुनः बालाजी कुड़ी मंदिर पहुंची, जहां समापन आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
बालाजी कुड़ी नीमच सिटी के तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा में पूरे नगर को राममय बनाने का अनूठा प्रयास किया गया। मार्गभर जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा और आरती कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। भगवा ध्वजों और आकर्षक सजावट से पूरा नगर आस्था के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा का मुख्य आकर्षण बालाजी आर्ट के मुकेश माली द्वारा तैयार की गई सजीव झांकियां रहीं, जिनमें भगवान श्रीराम, हनुमान, गणेश का रथ, तथा राधा-कृष्ण महारास सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का सुंदर प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही पारंपरिक अखाड़ों के प्रदर्शन, नासिक और झाबुआ के ढोल-नगाड़े, डीजे साउंड, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।
श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज लेकर “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ पूरे नगर में भक्ति की अलख जगा रहे थे। डीजे पर बज रहे भजनों—“रामजी की निकली सवारी”, “हर घर में एक ही नारा, एक ही नाम” जैसे गीतों ने श्रद्धा और ऊर्जा का संचार किया।
शोभायात्रा के दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार, मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। संत-महात्माओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और ऊंचाई दी। वर्षों से चली आ रही इस परंपरागत शोभायात्रा में हर वर्ष की तरह इस बार भी नगरवासियों का उत्साह चरम पर देखने को मिला।