न्यूज डेस्क
26 March, 2026
अन्य
नीमच। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। गुरुवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में वाहनों पर ब्लैक फिल्म, हेलमेट और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ब्लैक फिल्म लगे वाहनों, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर लगातार चालानी कार्रवाई की जाए। साथ ही हेलमेट उपयोग को लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान निरंतर चलाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया गया कि पीयूसी जांच में 148 वाहनों पर 1.70 लाख रुपए, ब्लैक फिल्म पर 82 चालान कर 41 हजार रुपए, बिना हेलमेट 1193 चालान कर 3.57 लाख रुपए और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 641 चालान कर 3.25 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। नशे में वाहन चलाने पर 10 मामलों में एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बड़े संकेतक लगाने, सगराना घाटी पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने, स्पीड ब्रेकर मार्किंग और ब्लिंकर लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान भी जारी है।
कलेक्टर ने सीएमओ को निजी बस स्टैंड पर सात दिनों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और यात्री वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा नई सड़कों पर जंक्शन सुधार, टूटे डिवाइडर ठीक करने और गलत दिशा से प्रवेश रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
जिले में लगातार हो रही सख्ती से साफ है कि प्रशासन अब सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर कोई ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।