द वॉचमेन पोस्ट
24 March, 2026
प्रशासनिक
नीमच। जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल एक्शन मोड में नजर आए। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित इस शिविर में जहां एक ओर आमजन की समस्याएं सुनी गईं, वहीं कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर राहत दी गई।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देश पर आयोजित इस विशेष शिविर में सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर फोकस रखा गया।
शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की कुल 39 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद किया गया। वहीं जनसुनवाई में पहुंचे करीब 45 आवेदकों ने अपनी समस्याएं सीधे एसपी के सामने रखीं।
एसपी अंकित जायसवाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि हर आवेदन का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामले और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए, जिन पर अधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी रोहित राठौर सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।