डेस्क न्यूज़
23 March, 2026
नीमच। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका ने सोमवार को सख्त कार्रवाई करते हुए सिटी फोर लेन निर्माण मार्ग पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई करीब 10 से 12 गुमटियों को हटाकर जप्त किया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर कार्यालय से लेकर नवीन न्यायालय परिसर तक कई लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर गुमटियां रखकर अवैध कब्जा किया जा रहा था। इस संबंध में नगर पालिका को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
नगर पालिका के राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर ने बताया कि लंबे समय से हो रहे इस अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान सभी गुमटियों को हटाकर जप्त किया गया और शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही नगर पालिका ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह के अवैध कब्जों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर के साथ हेमंत कलोशिया, महावीर जैन, संदीप चौहान, हेमंत सिसोदिया, चिरंजीव चांदना और योगेश टाकवाल सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा।