न्यूज डेस्क
21 March, 2026
अन्य
नीमच। नीमच जिले के ग्राम गिरदौड़ा में निर्माणाधीन एवरा माताजी मंदिर के पास बन रहे डोम का कार्य अचानक रुक जाने से ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान से मुलाकात कर निर्माण कार्य फिर से शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में करीब 15 लाख रुपए की लागत से डोम का निर्माण किया जा रहा था, जिसमें लगभग 25 प्रतिशत काम भी पूरा हो चुका था। इसी बीच अचानक काम बंद कर दिया गया, जिससे गांव में असंतोष फैल गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सहमति से शासकीय भूमि पर निर्माण किया जा रहा था, लेकिन बिना स्पष्ट कारण के काम रुकवा दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य में कोई रुकावट न आए, इसके लिए उन्होंने स्थल पर पड़ी रोड़ी भी आपसी सहमति से हटवा दी थी। इसके बावजूद काम बंद होने से लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे करीब दो घंटे तक विधायक से मिलने का प्रयास करते रहे, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान से मुलाकात कर पूरी समस्या बताई और जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि वर्तमान स्थान पर डोम निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं कराया गया, तो वे विधायक का विरोध करेंगे। फिलहाल गिरदौड़ा गांव में इस पूरे मामले को लेकर नाराज़गी और असंतोष का माहौल बना हुआ है।