न्यूज डेस्क
16 March, 2026
अन्य
नीमच। संयुक्त विभाग पेंशनर संघ नीमच द्वारा स्थानीय शिक्षक सहकार भवन में होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और आत्मीय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे, सौहार्द व अपनत्व का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा।
समारोह के दौरान पेंशनर्स ने आपसी संवाद में अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। इस अवसर पर सरकार से हाल ही में घोषित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का आदेश शीघ्र जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। पेंशनर्स का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच बढ़े हुए डीए का लाभ जल्द मिलना जरूरी है, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
कार्यक्रम में डॉ. बी.एल. बोरीवाल ने पेंशनर्स को स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में संतुलित आहार, सकारात्मक सोच और नियमित दिनचर्या का विशेष महत्व होता है। यदि व्यक्ति खान-पान और जीवनशैली पर ध्यान दे तो लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय रह सकता है।
डॉ. बोरीवाल ने मोटे अनाज जैसे बाजरा, ज्वार और रागी के सेवन पर जोर देते हुए कहा कि ये अनाज शरीर के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने पेंशनर्स को सलाह दी कि वे मित्रवत वातावरण में हंसते-मुस्कुराते रहें, नियमित हल्का व्यायाम करें और प्रतिदिन कम से कम 8 घंटे की नींद लें। साथ ही सप्ताह में एक दिन उपवास रखने को भी स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी सत्र में हरिश उपाध्याय ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका डॉ. बोरीवाल ने विस्तार से समाधान किया। इस संवाद से उपस्थित पेंशनर्स को स्वास्थ्य से जुड़ी कई उपयोगी जानकारियां मिलीं।
समारोह में बालचंद वर्मा, शांतिलाल कारपेंटर, रेणुका व्यास, जगमोहन श्रीवास्तव सहित नीमच जिले और आसपास से आए अनेक पेंशनर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन लक्ष्मीनारायण शर्मा ने किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखद और आनंदमय जीवन की कामना की।