ताजासमाचार

77वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ में उमड़ा आस्था का सैलाब, रामेश्वरम् कॉलोनी में छप्पन भोग के साथ संपन्न हुआ सत्संग

न्यूज डेस्क 12 March, 2026 अन्य

मनासा । धर्म, आध्यात्म और सत्संग की परंपरा के लिए प्रसिद्ध शहर अब मंदिरों की नगरी के साथ-साथ सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ की नगरी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। पिछले 77 सप्ताह से लगातार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित हो रहे सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ में उमड़ रही भक्तों की भीड़ इस आस्था और श्रद्धा का प्रमाण दे रही है।

अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय शाहपुरा के विद्वान, रामराष्ट्र आराधक और ओजस्वी वक्ता संत श्री चेतनराम जी की पावन प्रेरणा से शहर में शुरू हुए इस धार्मिक प्रकल्प में हर सप्ताह सनातन परिवार के सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में इस बार 77वां सामूहिक पाठ रामेश्वरम् कॉलोनी में भगवान को छप्पन भोग अर्पित करते हुए श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

सत्संग का शुभारंभ श्रीहनुमान जी के चित्र और श्रीलालन के सुंदर विग्रह के समक्ष दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण और पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर रहवासी जगदीश सोढ़ानी, गोविंद विजयवर्गीय, बलराम सोढ़ानी, अक्षय बैरागी, प्रहलाद लढ़ा, कविंद्र शास्त्री, रामकृष्ण मारु, सुनील बाहेती, दीपक श्रीमाल, गिरीराज कसेरा, मुकेश सेन, मुकेश पोरवाल, विजय समदानी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

सत्संग के दौरान भजन संध्या में भजन गायक राजकुमार मारु ने अपने भजन के माध्यम से ठाकुर जी को छप्पन भोग का निमंत्रण दिया, वहीं निरंजन पाराशर ने श्रीगणपति जी को सत्संग में पधारने का आह्वान किया। सत्यनारायण सोनी ने ‘जो खेल गए प्राणों पर श्रीराम के लिए’ भजन के माध्यम से श्रीहनुमान जी के पराक्रम का वर्णन किया। कमल विजयवर्गीय ने भगवान के संग होली खेलने की मनुहार की, जबकि विजय उपाध्याय ने ‘छम-छम नाचे देखो वीर हनुमाना’ भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। श्रीमती बिंदु सोनी ने ‘आता रहूंगा दर पर तुम्हारे’ भजन से ईश्वर के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की। अरुण झंवर ने ‘मेरे बालाजी महाराज जैकारा गूंजे गली-गली’ भजन से हनुमान जी का गुणगान किया, तो ओम सोनी ने ‘सुनो सुनो श्रीराम कहानी’ भजन के माध्यम से श्रीराम कथा का सुंदर वर्णन किया। अन्य भजन गायकों ने भी अपने भजनों से ईश्वर आराधना के साथ फाग उत्सव का उल्लासमय वातावरण बना दिया।

सनातन सत्संग मंडल द्वारा आगामी 19 मार्च को वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं से अपने-अपने घरों पर भगवान का ध्वज फहराने का आग्रह भी किया गया। सत्संग के समापन पर सनातन परिवारों और रामेश्वरम् कॉलोनी के सभी लाभार्थी रहवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा आगामी 78वें सत्संग में 17 मार्च को प्रातः 9 बजे श्रीरामानुज कोट मंदिर में सपरिवार पधारने का आग्रह किया गया।

Related Post