ताजासमाचार

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नीमच में स्वास्थ्य जागरूकता की अनूठी पहल: जीटो लेडीज और जेटो यूथ विंग की कार रैली ने कैंसर और थैलेसीमिया से समाज को सचेत किया

डेस्क न्यूज 08 March, 2026 अन्य

नीमच। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर एक अनूठी पहल देखने को मिली। कैंसर और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जीटो लेडीज विंग, नीमच और जेटो यूथ विंग, नीमच द्वारा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सहयोग तथा उपदेश किआ के प्रायोजन में रविवार सुबह जागरूकता कार रैली का आयोजन किया गया।

रैली सुबह दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहरवासियों को कैंसर एवं थैलेसीमिया जैसी बीमारियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

जीटो लेडीज विंग की अध्यक्ष रिंकू राठौर ने बताया कि महिला दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि कैंसर और थैलेसीमिया जैसी बीमारियों के बारे में सही जानकारी और समय पर जांच से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

वहीं डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता बेहद आवश्यक है। यदि लोग समय रहते जांच कराएं और लक्षणों को नजरअंदाज न करें, तो कई गंभीर बीमारियों को शुरुआती चरण में ही रोका जा सकता है।

सत्येंद्र राठौर ने इस पहल को समाज के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि जब महिला शक्ति किसी सामाजिक अभियान से जुड़ती है तो उसका प्रभाव दूर तक दिखाई देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आता है।

रैली के समापन पर आयोजित जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को कैंसर और थैलेसीमिया के लक्षण, रोकथाम तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है और अब समाज की सेहत की दिशा और दशा बदलना समय की आवश्यकता है।

Related Post