ताजासमाचार

लाव-लश्कर के साथ सड़कों पर उतरी नीमच पुलिस ! त्योहारों पर कानून का सख्त संदेश, हुड़दंगियों की खैर नहीं

डेस्क न्यूज 03 March, 2026 अन्य

नीमच। आगामी त्योहार होली, धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमजान को लेकर जिले में कानून व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु नीमच पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में जिला मुख्यालय सहित समूचे जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जाएं, पुलिस बल की नियमित ब्रीफिंग हो तथा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए फ्लैग मार्च निकालने के भी निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में 1 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना नीमच केंट, बघाना एवं नीमच सिटी क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि सभी त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, एसडीएम संजीव साहु, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया सहित विभिन्न थाना प्रभारियों और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी प्रकार फ्लैग मार्च आयोजित किए गए।

होलीका दहन और धुलेंडी को ध्यान में रखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को मुस्तैदी से कार्य करने, आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

त्योहारों के दौरान ड्राय डे के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

नीमच पुलिस ने युवाओं से विशेष अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, विवादित या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें। अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को दें। पुलिस प्रशासन ने विश्वास जताया है कि आमजन के सहयोग से जिले में सभी त्योहार शांति, सद्भाव और उल्लास के साथ संपन्न होंगे।

Related Post