डेस्क न्यूज
19 February, 2026
अन्य
नीमच। शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज के 396वें अवतरण दिवस पर गुरुवार को क्षत्रिय मराठा समाज नीमच के तत्वावधान में भव्य वाहन रैली एवं वार्षिक उत्सव समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। पूरे आयोजन में समाजजनों का उत्साह और अनुशासन देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:30 बजे नीमच सिटी स्थित पिपली चौक पर स्वल्पाहार मिलन के साथ हुई। सर्वप्रथम समाजजनों ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। विधिवत आरती और पूजा-अर्चना के पश्चात सुबह 9 बजे वाहन रैली का शुभारंभ हुआ।
रैली पिपली चौक से प्रारंभ होकर नया बाजार, गणेश मंदिर, नरसिंह मंदिर, प्रताप चौक, सांवरिया जी मंदिर, रोडवेज बस स्टैंड, बारादरी चौराहा, श्री बड़े बालाजी मंदिर, बिहार गंज, श्रीराम चौक, घंटाघर, बिचला गोपाल मंदिर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, अजमीढ़ जी महाराज सर्किल, शिक्षक कॉलोनी मार्ग तथा भारतीय जीवन बीमा मार्ग से होते हुए मां तुलजा भवानी मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में भगवा ध्वज लहराते रहे और “शिवाजी महाराज की जय” के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा। जगह-जगह समाजजनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
मां तुलजा भवानी मंदिर परिसर में आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रैली का समापन हुआ। इसके पश्चात प्रातः 11:30 बजे वार्षिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समाज की विभिन्न प्रतिभाओं और सामाजिक प्रतिमाओं का सम्मान किया गया। साथ ही समाज विकास, शिक्षा, संगठनात्मक मजबूती और युवा सहभागिता जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए गए।
दोपहर में स्नेह मिलन समारोह का आयोजन हुआ। पुरुष श्वेत परिधान में तथा महिलाएं पितांबरी-हरि वेशभूषा में आकर्षक रूप से उपस्थित रहीं, जिससे पूरा वातावरण सांस्कृतिक गरिमा और एकता के रंग में रंग गया। अंत में वरिष्ठ समाजजनों एवं अतिथियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों—साहस, संगठन, धर्मनिष्ठा और राष्ट्रसेवा—पर चलने का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।