ताजासमाचार

जनसुनवाई में गूंजा जमीन हड़पने का आरोप ! शासकीय पट्टे की भूमि में फर्जी नामांतरण का मामला, कलेक्टर से जांच की मांग

डेस्क न्यूज 17 February, 2026 अन्य

नीमच। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम जाट, रतनगढ़ निवासी राधेश्याम पिता कन्हैयालाल स्वर्णकार ने कलेक्टर के समक्ष विस्तृत आवेदन प्रस्तुत कर तीन व्यक्तियों पर शासकीय पट्टे की भूमि में कूटरचना कर नाम दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाया।

आवेदन के अनुसार प्रार्थी एवं उनके भाई रमेशचंद्र के स्वामित्वाधिकार की कृषि भूमि सर्वे क्रमांक 178 (रकबा 1.00 हेक्टेयर), सर्वे क्रमांक 177 (रकबा 1.00 हेक्टेयर) तथा सर्वे क्रमांक 176 (रकबा 1.05 हेक्टेयर) शासकीय पट्टे के माध्यम से प्राप्त हुई थी। वर्ष 2011-12 तक उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज रही।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि वर्ष 2005-06 एवं 2012-13 के दौरान कथित रूप से राजस्व अधिकारियों से मिलीभगत कर तुलसीराम, राधाबाई एवं कुंजबिहारी (निवासी दोलतपुरा) ने बिना किसी वैधानिक आधार के राजस्व रिकॉर्ड में अपने नाम दर्ज करवा लिए। उनका कहना है कि शासकीय पट्टा भूमि का न तो विक्रय संभव है और न ही सक्षम आदेश के बिना नामांतरण, इसके बावजूद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रविष्टियां दर्ज कराई गईं।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त भूमि पर ऋण लेकर शासकीय योजनाओं का लाभ उठाया जा रहा है, जिससे शासन को आर्थिक क्षति पहुंचने की आशंका है।

प्रार्थी ने मांग की है कि राजस्व अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कर मूल स्वामियों के नाम पुनः दर्ज किए जाएं तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

Related Post