डेस्क न्यूज
16 February, 2026
अन्य
नीमच। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम मालखेड़ा में रविवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। 19 वर्षीय युवक आनंद पिता दुले सिंह बंजारा की जमुनिया रावजी और मालखेड़ा के बीच हुए भीषण सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार और जोरदार टक्कर के बीच घटी इस घटना में आनंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग दहल उठे। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। रात करीब 8 बजे शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूर्ण कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। अब दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच मनासा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
महज 19 वर्ष की उम्र में हुई इस असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। एक हंसते-खेलते युवक का यूं अचानक चला जाना पूरे क्षेत्र के लिए गहरा सदमा बन गया है।