ताजासमाचार

वीरांगना कंचनबाई मेघवाल को शहीद का दर्जा, एक करोड़ मुआवजा व शासकीय नौकरी की मांग, मेघवाल समाज ने सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज 06 February, 2026

नीमच। नीमच जिले की मडावदा पंचायत के रानपुर गांव में 2 फरवरी 2026 को घटित हृदयविदारक लेकिन गर्व से भर देने वाली घटना को लेकर शुक्रवार को मेघवाल समाज का आक्रोश और सम्मान दोनों कलेक्टर कार्यालय तक गूंजा। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए वीरांगना कंचनबाई मेघवाल को शहीद का दर्जा, वीरता सम्मान, एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि रानपुर गांव के आंगनवाड़ी केंद्र में मधुमक्खियों के भीषण हमले के दौरान वहां खेल रहे करीब 20 मासूम बच्चों की जान बचाने के लिए आंगनवाड़ी कर्मी कंचनबाई मेघवाल स्वयं ढाल बन गईं। हजारों मधुमक्खियों के हमले के बीच उन्होंने अद्भुत साहस और सूझबूझ दिखाते हुए तिरपाल, दरी और टाट-पट्टी से बच्चों को ढका और एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित कमरों तक पहुंचाया।
इस दौरान कंचनबाई पर लगातार मधुमक्खियों के डंक लगते रहे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने बच्चों को नहीं छोड़ा और अंततः मासूमों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके इस बलिदान से 20 परिवारों के घरों के चिराग बुझने से बच गए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कंचनबाई मेघवाल न केवल आंगनवाड़ी में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली कर्मठ महिला थीं, बल्कि जय माता दी स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष भी थीं। उनके निधन से परिवार पर गहरा संकट आ गया है। पति पहले से ही पैरालिसिस से पीड़ित हैं और एक बेटा व दो बेटियों के सिर से मां का साया उठ चुका है।

मेघवाल समाज ने मांग की कि यह घटना मात्र दुर्घटना नहीं, बल्कि मानवता, मातृत्व और कर्तव्यनिष्ठा के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान है। यदि शासन ऐसे साहस को सम्मानित करता है तो यह समाज में सेवा और संवेदना की भावना को और सशक्त करेगा।

प्रमुख मांगें

कंचनबाई मेघवाल को शहीद का दर्जा दिया जाए। राज्य शासन की ओर से विशेष वीरता सम्मान प्रदान किया जाए।परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।परिवार के एक पात्र सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति दी जाए। घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों/लापरवाही तय की जाए

 ज्ञापन सौंपते समय उपस्थित
भाजा महेश मेघवाल, पूर्व एएसपी, विशाल मेघवाल
नंदकिशोर धोबावत, उज्जैन संभागीय अध्यक्ष, NAJJYS
समाज के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post