ताजासमाचार

नीमच से मंडफिया तक भक्ति की पदचाप: श्रद्धा के जयघोषों के साथ निकली श्री सांवरिया सेठ पदयात्रा

डेस्क न्यूज़ 04 February, 2026

नीमच। आस्था, विश्वास और भक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना नीमच नगर, जब बुधवार 4 फरवरी की सुबह लायंस पार्क चौराहे से श्री सांवरिया सेठ के धाम मंडफिया के लिए विशाल पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। नगरवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ निकली इस पदयात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

सुबह से ही लायंस पार्क चौराहे पर भक्तों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। अरुल अशोक अरोरा 'गंगानगर' के नेतृत्व में जैसे ही यह पैदल यात्रा प्रारंभ हुई, पूरा क्षेत्र “जय सांवरिया सेठ” के जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठा। भगवा ध्वजों के साथ आगे बढ़ते श्रद्धालुओं के कदमों में आस्था की गूंज साफ महसूस की जा सकती थी। 

श्री सांवरिया भक्त मंडल द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय पदयात्रा नीमच से नयागांव होते हुए निंबाहेड़ा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम के साथ भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया है। गुरुवार 5 फरवरी को पदयात्रा मंडफिया स्थित श्री सांवरिया सेठ के दरबार में दर्शन, पूजा-अर्चना एवं भोग-प्रसादी के साथ पूर्ण होगी।

यात्रा मार्ग में सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं का जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया। कहीं पुष्पवर्षा तो कहीं स्वागत मंचों के माध्यम से भक्तों पर स्नेह और सम्मान की वर्षा होती रही। फूलों से सजा मार्ग मानो श्रद्धा की सुगंध से महक उठा हो।

पदयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों द्वारा पेयजल, स्वल्पाहार, चिकित्सा, भोजन व विश्राम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए स्वयंसेवकों की टीमें निरंतर सेवाभाव से जुटी हुई हैं।

यात्रा की पहली शाम  निंबाहेड़ा में भक्ति के रंगों से सराबोर रहेगी, जहां सुप्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। आयोजकों ने बताया कि पूरी पदयात्रा अनुशासित रूप से सेवा और श्रद्धा के भाव के साथ संपन्न कराई जाएगी।

Related Post