ताजासमाचार

नीमच में चौथा कृपा महोत्सव शुरू, निशान यात्रा के साथ गूंजे श्याम नाम, आज होगी भव्य भजन संध्या

न्यूज डेस्क 31 January, 2026 अन्य

नीमच | नीमच नगर में चौथे कृपा महोत्सव के अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। प्रतिवर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी लखदातार परिवार द्वारा चौथा कृपा महोत्सव पूरे हर्षोल्लास और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 31 जनवरी को भारत माता चौराहा स्थित 40 नंबर क्षेत्र में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जहां नामी भजन गायक अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

महोत्सव की शुरुआत के तहत शनिवार दोपहर घंटाघर स्थित श्री नरसिंह मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। ढोल-दमकों की गूंज, श्याम नाम के जयकारे और श्रद्धालुओं की अपार आस्था के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। निशान यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली, जहां मार्ग में श्याम भक्तों द्वारा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया गया। जगह-जगह हुई आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

निशान यात्रा में ग्रुप सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में डूब गया। यात्रा के समापन के बाद सायंकाल आयोजित होने वाली भजन संध्या को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।

आयोजकों के अनुसार भजन संध्या का शुभारंभ शाम करीब 8 बजे होगा और देर रात तक भक्ति गीतों की गूंज बनी रहेगी। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक रोहित शर्मा ‘जिमी’ (कोलकाता) एवं कनिका ग्रोवर (मनासा) अपनी भावपूर्ण और सुमधुर भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे। कार्यक्रम में दरबार सेवा नीमच श्याम सरकार द्वारा की जाएगी, जबकि म्यूजिकल व्यवस्था आशीष इंटरनेशनल म्यूजिकल ग्रुप, जयपुर द्वारा संभाली जाएगी।

आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भजन संध्या का पुण्य लाभ लेने की अपील की है। चौथे कृपा महोत्सव के अंतर्गत हो रहे इन आयोजनों से नीमच नगर में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश प्रसारित हो रहा है।

Related Post