डेस्क न्यूज़
17 January, 2026
नीमच। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी नीमच द्वारा शहर के प्रमुख भारतमाता–फोर जीरो चौराहे पर उपवास एवं धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस ने इंदौर के भागीरथपुरा में जहरीला पानी पीने से हुई मौतों, नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में फैल रही गंभीर जीबीएस (गिलियन–बैरे सिंड्रोम) बीमारी, जिला चिकित्सालय में इलाज के नाम पर मरीजों से वसूली और मनरेगा जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि यह आंदोलन इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित व जहरीला पानी पीने से 23 निर्दोष नागरिकों की मौत के लिए जिम्मेदार प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में किया गया है। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना शासन की मूल जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण आमजन को अपनी जान गंवानी पड़ी।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मनासा क्षेत्र में फैल रही जीबीएस बीमारी पर गहरी चिंता जताई। तरुण बाहेती ने मांग की कि जीबीएस से पीड़ित मरीजों को तत्काल, समुचित और पूर्णतः नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं नहीं दी जा रहीं, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है तथा मरीजों को महंगा इलाज कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने नीमच जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को भी कठघरे में खड़ा किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि शासकीय अस्पताल होने के बावजूद मरीजों से इलाज, दवाइयों और उपकरणों के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं। इसी के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से “भिक्षा” मांगकर सरकार को संदेश दिया कि यदि अस्पतालों को पर्याप्त बजट और संसाधन नहीं मिलेंगे, तो जनता को इलाज के लिए भीख मांगने की नौबत आ जाएगी। उपवास समाप्ति के बाद एकत्र की गई भिक्षा को जिला अस्पताल जाकर सिविल सर्जन को सौंपने का निर्णय भी लिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मनासा में जीबीएस बीमारी को लेकर आज उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल का जिले में दौरा है और इस प्रदर्शन के माध्यम से उनका ध्यान इन गंभीर समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया। तरुण बाहेती ने कहा कि शासन की विफल नीतियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अकर्मण्यता का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। साथ ही उन्होंने मनरेगा के कानूनी अधिकारों को कमजोर करने की कथित साजिश का भी विरोध किया।
धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. संपत जाजू, बृजेश सक्सेना, बाबू सलीम, बृजेश मित्तल, मधु बंसल, आशा सांभर, गजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।