ताजासमाचार

नीमच पंजाबी समाज ने लोहड़ी पर्व उल्लास और परंपरा के साथ मनाया, संरक्षक अशोक अरोरा गंगानगर का हुआ भव्य अभिनंदन, अरुल अशोक अरोरा ने अपने दादाजी की स्मृति में पंजाबी समाज मांगलिक भवन के लिए किया भूमि दान

डेस्क न्यूज़ 14 January, 2026

नीमच। नीमच पंजाबी समाज द्वारा लोहड़ी पर्व का आयोजन रोटरी हॉल में पारंपरिक उल्लास और सामाजिक एकजुटता के साथ किया गया। इस अवसर पर समाज के संरक्षक श्री अशोक अरोरा गंगानगर का विशेष रूप से अभिनंदन किया गया, जिनके मार्गदर्शन और योगदान से समाज को एक नई दिशा मिली है।

लोहड़ी पर्व की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्री अशोक अरोरा गंगानगर ने की। अग्नि प्रज्ज्वलन के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान श्री अरुल अशोक अरोरा द्वारा अपने पूज्य दादाजी स्व. श्री कश्मीरीलाल जी अरोरा की स्मृति में पंजाबी समाज नीमच को मांगलिक भवन हेतु भूमि दान किए जाने पर समाज ने कृतज्ञता व्यक्त की। इस अनुकरणीय सामाजिक योगदान को समाज की भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान पंजाबी समाज नीमच की ओर से श्री अशोक अरोरा गंगानगर को अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज के अध्यक्ष संतोष पंजाबी, सचिव दिनेश गुलाटी सहित पदाधिकारियों ने उनके इस पुण्य कार्य को समाज के लिए ऐतिहासिक बताया। मंच पर संतोष पंजाबी एवं रोचीराम छाबड़ा ने उन्हें अभिनंदन पत्र सौंपा।

इससे पूर्व आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों से लेकर वरिष्ठ समाजजनों तक ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सभी प्रतिभागियों को समाज की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके पश्चात सहभोज का भी आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में हरीश छाबड़ा, नितिन हसीजा, मोहन दुआ, हरीश दुआ, दर्शनसिंह गांधी, मुकेश कालरा, सतीश खन्ना, सुरेश गुलाटी, जयकुमार ढींगरा, रवि दुआ, अरुण ढींगरा,अनिल गुलाटी सहित बड़ी संख्या में  सभी समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन पंकज मलिक ने किया।

लोहड़ी पर्व का यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव बना, बल्कि सामाजिक समर्पण और एकता का सशक्त संदेश भी दे गया।

Related Post