ताजासमाचार

“स्वामी विवेकानंद जयंती पर नीमच में छात्राओं ने किया सूर्य नमस्कार और स्वदेशी अपनाने का संकल्प”

डेस्क न्यूज 12 January, 2026 सामाजिक

नीमच । स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच में सूर्य नमस्कार एवं स्वदेशी अपनाने की दौड़ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित किया गया और इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं में शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कॉलानी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के ओजस्वी विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली ताकत है।” प्राचार्य ने छात्राओं को आत्मनिर्भर, अनुशासित और चरित्रवान बनकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही योग, सूर्य नमस्कार और स्वदेशी अपनाने को सशक्त और स्वस्थ समाज की आधारशिला बताया।
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. बीना चौधरी के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार और स्वदेशी दौड़ का सफल संचालन किया गया। उनके निर्देशन में छात्राओं ने पूरे जोश, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा के साथ भाग लिया। महाविद्यालय परिसर उत्साह और प्रेरणा से भर गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेंद्र राव ने किया।
छात्राओं की व्यापक सहभागिता से यह आयोजन सफल, प्रेरणादायक और उद्देश्यपूर्ण रहा। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य और अनुशासन को बढ़ावा मिला, बल्कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश भी दिया गया।

Related Post