ताजासमाचार

कांग्रेस बजाएगी विधायक–सांसद के घर के सामने घंटा, इंदौर जल त्रासदी और मंत्री की टिप्पणी के विरोध में नीमच जिले में  प्रदर्शन

डेस्क न्यूज 03 January, 2026 अन्य

नीमच | इंदौर में भाजपा शासित नगर निगम द्वारा सप्लाई किए गए मल-मूत्र युक्त दूषित पानी के सेवन से 15 लोगों की मौत और करीब 2800 लोगों के बीमार होने की घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस गंभीर मामले पर प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा पत्रकार के प्रश्न के उत्तर में “घंटा” शब्द के प्रयोग को कांग्रेस ने अमानवीय और असंवेदनशील बताया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार इस बयान और इंदौर जल त्रासदी के विरोध में पूरे मध्यप्रदेश में भाजपा के विधायकों एवं सांसदों के निवास के सामने घंटा बजाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसी क्रम में नीमच जिले में भी विधानसभा स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि यह प्रदर्शन 04 जनवरी 2026, रविवार को दोपहर 12:30 बजे से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के तीनों विधायकों के घर के सामने घंटा बजाया जाएगा।  
नीमच में कार्यकर्ता गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय, मनासा में कृषि उपज मंडी गेट तथा जावद में इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल, बस स्टैंड पर एकत्रित होंगे।

तरुण बाहेती ने कहा कि इंदौर जैसी घटना शासन-प्रशासन की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है और इसके बावजूद मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनहीन रवैये को दर्शाती है। कांग्रेस इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय की मांग कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में जिले के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी सहित युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, इंटक, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, किसान कांग्रेस सहित सभी कांग्रेस संगठन सहभागिता करेंगे।

Related Post