ताजासमाचार

नीमच सर्राफा व्यापारी पर किसान की डेढ़ किलो चांदी हड़पने और सूदखोरी का गंभीर आरोप, एसपी के पास पहुंची शिकायत

डेस्क न्यूज 31 December, 2025 अन्य

नीमच। नीमच शहर में सर्राफा कारोबार की आड़ में सूदखोरी और कथित हेराफेरी का गंभीर मामला सामने आया है। एक पीड़ित किसान ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सर्राफा व्यापारी पर डेढ़ किलो चांदी हड़पने और वर्षों से अवैध रूप से ब्याज वसूलने का आरोप लगाया है। मामले ने शहर में सर्राफा व्यापार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित किसान जयसिंह पिता नगाजी बंजारा, निवासी टाटियाखेड़ी थाना नीमच सिटी ने अपनी शिकायत में बताया कि आर्थिक आवश्यकता के चलते उन्होंने घंटाघर के पास स्थित सर्राफा व्यापारी राजू सर्राफ के यहां डेढ़ किलो चांदी (पाट की चांदी, डली के तीन टुकड़े) 35 हजार रुपये में दो रुपये सैकड़ा ब्याज दर पर गिरवी रखी थी। किसान का आरोप है कि चार वर्षों तक उन्होंने नियमित रूप से करीब 8 हजार 400 रुपये सालाना ब्याज अदा किया और अब तक 33 से 34 हजार रुपये ब्याज के रूप में दे चुके हैं।

किसान ने बताया कि जब चांदी के भाव तेजी से बढ़े तो व्यापारी की नीयत बदल गई। अप्रैल 2024 में जब वे रकम छुड़ाने पहुंचे तो व्यापारी बहाने बनाकर टालता रहा। मंगलवार 31 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे पीड़ित अपने दामाद पन्नालाल के साथ दुकान पर पहुंचा और चांदी लौटाने की मांग की, लेकिन व्यापारी ने साफ इनकार करते हुए कहा कि वह उसे जानता तक नहीं है और दुकान से भगा दिया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिस डेढ़ किलो चांदी को 35 हजार रुपये में गिरवी रखा गया था, उसकी वर्तमान कीमत करीब 3 लाख 45 हजार रुपये हो चुकी है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि सर्राफा व्यापारी न सिर्फ सूदखोरी करता है बल्कि कई गरीब किसानों की गिरवी रखी चांदी और सोना हड़प चुका है। किसान ने पुलिस से मांग की है कि व्यापारी की दुकान, लॉकर और घर की तिजोरियों की जांच कराई जाए और उसकी डेढ़ किलो चांदी वापस दिलाई जाए।

Related Post