ताजासमाचार

अरूल अरोरा की पहल से नीमच रचेगा इतिहास, पहली बार फीडे अंतरराष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन

डेस्क न्यूज 31 December, 2025 अन्य

नीमच। नीमच जिले के लिए यह गर्व और उत्साह का क्षण है, जब शहर खेल जगत में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। सैकड़ों बच्चों को वह अवसर मिलने जा रहा है, जिसकी उन्होंने कभी सपने में भी कल्पना नहीं की थी। अब नीमच के बच्चे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपनी पहचान बना सकेंगे। यह ऐतिहासिक अवसर नए साल 2026 की शुरुआत में आने जा रहा है। सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र में अपने अपूर्व योगदान से विशिष्ट पहचान बना चुके समाजसेवी अरूल अरोरा नीमच की धरती पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फीडे) का अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित कराने जा रहे हैं। यह आयोजन उनके दादाजी स्वर्गीय कश्मीरी लाल जी अरोरा की पुण्य स्मृति में किया जा रहा है।

डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन नीमच के तत्वावधान में तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के निर्देशन में 8 एवं 9 जनवरी को स्थानीय लायन डेन में यह अंतरराष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट आयोजित होगा। डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय रत्न गर्ग, उपाध्यक्ष नीतिन साहू, ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र सोनी एवं उपाध्यक्ष संतोष कोटवानी ने संयुक्त रूप से बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। फीडे जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था का टूर्नामेंट नीमच में होना हम सभी के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने बताया कि इस स्पर्धा में देश-विदेश से लगभग 300 खिलाड़ी भाग लेंगे। टूर्नामेंट में कुल 9 राउंड खेले जाएंगे। विजेताओं को एक लाख इक्यावन हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। साथ ही बेस्ट एमपी एवं बेस्ट नीमच खिलाड़ी को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। नीमच के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए अलग से नकद पुरस्कार एवं मेडल की व्यवस्था भी की गई है।

समाजसेवी अरूल अरोरा ने कहा कि इतना भव्य आयोजन शहर के खेलप्रेमियों और नागरिकों के सहयोग से ही संभव है। उनका विश्वास है कि यह सहयोग नीमच के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखेगा। आयोजन से न केवल शतरंज खेल को नई पहचान मिलेगी, बल्कि जिले के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सुनहरा अवसर भी प्राप्त होगा। उक्त जानकारी ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के मीडिया प्रभारी ऐश्वर्य शर्मा (पवन) ने दी।

Related Post