तबरेज़ अगवान
30 December, 2025
मंच पर “गद्दार है” के नारे, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की
नीमच। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के 140वें स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान गांधी भवन, नीमच में हुई घटना अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युवा कांग्रेस कार्यालय ने इस घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए संबंधित कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया।
घटना के अनुसार, जावद विधानसभा अध्यक्ष श्रवण सेन, राहुल अहीर, अर्जुन गुर्जर और ऋषि अहीर ने युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष यश लखन घनघोरिया का स्वागत कर उन्हें अलग से स्वागत के लिए ले जाने का प्रयास किया। इसी पर नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती और उनके समर्थकों ने विरोध जताया।
विरोध इतना बढ़ गया कि मंच पर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और “गद्दार है-गद्दार है” के नारे गूंजने लगे, जिससे कार्यक्रम तनावपूर्ण माहौल में बदल गया।
इस पूरे घटनाक्रम को राष्ट्रीय युवा कांग्रेस ने अमर्यादित और अशोभनीय व्यवहार माना। और राहुल अहीर और सरवन सेन के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया।
नोटिस में विशेष रूप से कहा गया कि संगठन विरोधी नारे और अनुशासनहीनता कांग्रेस पार्टी की नीतियों और मूल्यों के खिलाफ हैं।
इस नोटिस को शिवि सिंह चौहान, महासचिव (प्रभारी मध्यप्रदेश), भारतीय युवा कांग्रेस ने जारी किया। नोटिस में संबंधित कार्यकर्ताओं से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने की स्थिति में एकपक्षीय संगठनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस नोटिस की प्रति कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती को भी भेजी गई है।
नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने आरोप लगाया कि यह घटना जानबूझकर कार्यक्रम को बिगाड़ने की कोशिश थी।
इस विवाद ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह और अनुशासन चुनौती को सार्वजनिक मंच पर उजागर कर दिया है।