डेस्क न्यूज
27 December, 2025
अन्य
नीमच। शहर एवं जिले में शतरंज खेल को बढ़ावा देने और बालक–बालिकाओं को निःशुल्क शतरंज प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सक्रिय डिस्ट्रिक्ट चैस एसोसिएशन (जिला शतरंज संघ) के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल में शतरंज संघ कार्यालय पर आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सर्वसम्मति से संपन्न हुए, जिसमें नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान संगठन के सदस्यों ने खेलों के विकास, नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और शतरंज को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ आगामी तीन वर्षों के लिए पदाधिकारियों का चयन किया। सर्वसम्मति से विजय रत्न गर्ग को जिला शतरंज संघ का अध्यक्ष चुना गया। वहीं नितिन साहू एवं आशीष भंडारी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संगठन के संचालन हेतु संतोष कोटवानी को सचिव तथा गिरिराज विशनोई को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अरुण विश्वा एवं भावेश सिंहल को सह सचिव बनाया गया। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में मनीष कुमावत, त्रिलोक सिंह लोधा, जगदीश चंद्र बागड़ी एवं दिनेश श्रीवास्तव को शामिल किया गया है।
नवगठित कार्यकारिणी ने जिले में शतरंज खेल के व्यापक प्रचार–प्रसार, नियमित प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन, प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। संगठन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में बौद्धिक विकास के साथ खेल भावना को सशक्त करना है।