डेस्क न्यूज
26 December, 2025
नीमच, 26 दिसम्बर 2025 (शुक्रवार) जावद एसडीएम सुश्री प्रीति संघवी ने सिंगोली तहसील के ग्राम बाणदा में राजस्व अभिलेखों में की गई गड़बड़ी के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित भूमि को पुनः शासकीय घोषित किया है। साथ ही, तत्कालीन पटवारी प्रकाश जैन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 एवं 318 के अंतर्गत एफ.आई.आर. दर्ज करने तथा किसान जगदीश पिता बंशीलाल धाकड़ से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्राप्त ₹64,000 (चौंसठ हजार रुपये) की वसूली के आदेश जारी किए हैं।
एसडीएम प्रीती संघवी ने बताया कि शिकायत के अनुसार ग्राम बाणदा की भूमि सर्वे नंबर 270/1/15 (रकबा 1.000 हेक्टेयर) एवं 270/1/17 (रकबा 0.500 हेक्टेयर) वर्ष 2016-17 तक राजस्व अभिलेखों में रिक्त दर्शाई गई थी। वर्ष 2017-18 में इन सर्वे नंबरों पर क्रमशः बंशीलाल पिता नानुराम धाकड़ एवं जगदीश पिता बंशीलाल धाकड़ के नाम प्रविष्ट कर दिए गए, जबकि इसके लिए कोई सक्षम आदेश या वैध दस्तावेज मौजूद नहीं था।तहसीलदार सिंगोली की जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि उक्त प्रविष्टियां अवैध रूप से की गईं, और उसी आधार पर संबंधित व्यक्ति ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19 किश्तें तथा मुख्यमंत्री किसान योजना की 13 किश्तों की राशि कुल ₹64,000 प्राप्त की। एसडीएम प्रीति संघवी ने कहा कि राजस्व अभिलेखों में यह हेराफेरी तत्कालीन पटवारी प्रकाश जैन की मिलीभगत से हुई प्रतीत होती है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पटवारी ने जानबूझकर शासकीय भूमि में आरोपी का नाम अंकित कर उसे आर्थिक लाभ पहुँचाया।
इस प्रकरण में भूमि को पुनः शासकीय घोषित करते हुए एसडीएम ने आरोपियों पर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही अवैध रूप से प्राप्त की गई किसान योजना की पूरी राशि वसूलने की जिम्मेदारी तहसीलदार सिंगोली को सौंपी गई है।