न्यूज डेस्क
07 December, 2025
सामाजिक
नीमच। इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड ने ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ अभियान के तहत स्थानीय निजी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम और ड्रॉइंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, लैंगिक समानता, रचनात्मक अभिव्यक्ति और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और निर्णायक के रूप में इनरव्हील डिस्ट्रिक्ट 304 की एडिटर डॉ. ताप्ती रॉय यादव (भोपाल) उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा, लैंगिक समानता और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उनके प्रेरक वक्तव्य ने विद्यार्थियों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।
ड्रॉइंग प्रतियोगिता में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और जागरूकता जैसे विभिन्न विषयों पर अपनी रचनात्मकता का सुंदर चित्रण किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
क्लब अध्यक्ष पूजा गर्ग ने बताया कि इनरव्हील क्लब नीमच डायमंड समाज में महिला एवं बाल सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सार्थक गतिविधियाँ आयोजित करता आ रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस उपयोगी और प्रेरणादायी आयोजन की सराहना की और क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में क्लब एडिटर शिवांगी जैन, पूजा खंडेलवाल, रिंकी तापड़िया, लक्ष्मी शर्मा, प्रियंका नागदा, जयंती एनिया, डिंपल चांदना, नीतू पाटीदार, पायल धाडेती सहित क्लब की अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं।