ताजासमाचार

नीमच में नकली नोटों पर बड़ा खुलासा: 50 हजार के फर्जी नोट बरामद, पेट्रोल पंप पर भी चला चुके थे नोट — हाईवे पर फिल्मी अंदाज़ में पकड़ा गया आरोपी, एक फरार

डेस्क न्यूज 05 December, 2025


नीमच। शहर में नकली नोटों का नेटवर्क सक्रिय मिलने से हड़कंप मच गया है। सिटी थाना पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी कर 500-500 रुपये के कुल 50 हजार के नकली नोटों के साथ एक आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी पहले भी नीमच के पेट्रोल पंप पर नकली नोट चला चुका है।

मुखबिर सूचना ने खोला पूरा खेल

3 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि नीमच के ग्राम सरजना निवासी ईश्वर खारोल नकली नोट छापकर बाजार में खपाने जा रहा है। सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान के निर्देशन में टीम रवाना हुई और मालखेड़ा फोरलेन फंटे पर रणनीतिक नाकाबंदी की गई।

04 दिसंबर को  पुलिस ने एमपी 44 एमएस 1199 नंबर की बाइक को रोका। चालक की पहचान 23 वर्षीय ईश्वर पिता वर्दीचंद खारोल के रूप में हुई।

जर्किन की जेब में मिली 50 हजार की नकली करंसी
तलाशी में ईश्वर की जेब से 500 रुपये की एक मोटी गड्डी मिली, जिसके सभी नोटों के सीरियल नंबर अलग-अलग सीरीज में एक जैसे कई नोट थे—जो इन्हें नकली साबित करने के लिए पर्याप्त था। चार सीरीज के कुल 100 फर्जी नोट बरामद हुए। 

घर में छपते थे नोट — पेट्रोल पंप पर चला चुके थे

ईश्वर ने पूछताछ में बताया कि वह और उसका साथी सुनील बैरागी घर पर ही नोट छापते थे और हाल ही में नीमच के पेट्रोल पंप पर नकली नोट चला चुके हैं, जिससे पुलिस को इनके नेटवर्क के और बड़ा होने की आशंका है।

बाइक सहित माल जब्त, एक आरोपी फरार

पुलिस ने नकली नोटों के साथ बाइक और अन्य सामग्री भी जप्त की। फिलहाल ईश्वर गिरफ्तार है, जबकि सुनील बैरागी फरार है।

द वॉचमेन पोस्ट से बातचीत में सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान ने बताया:

पुलिस टीम को मुखबिर से बेहद महत्वपूर्ण सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ा गया और उसके पास से बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर घर पर ही नोट छापता था और इन्हें बाजार और पेट्रोल पंप पर चलाने की कोशिश करता था। एक आरोपी गिरफ्तार है, जबकि दूसरा फरार है। टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

सराहनीय भूमिका -
इस सिंडिकेट को उजागर करने में थाना प्रभारी पुष्पा चौहान, एसआई लक्ष्मण सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक जितेंद्र जगावत, आरक्षक लक्की शुक्ला, आरक्षक दशरथ थावरिया, आरक्षक मनोज प्रजापत की मुख्य भूमिका रही।

Related Post