डेस्क न्यूज
02 December, 2025
अन्य
नीमच। पार्श्वनाथ स्वामी दिगंबर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के पावन अवसर पर मंगलवार को पूरा नगर भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक उत्साह से सराबोर नजर आया। बांग्ला नंबर 60 स्थित पुरानी नगर पालिका से प्रारंभ हुई दिव्य एवं भव्य शोभायात्रा ने शहर में अद्भुत धार्मिक वातावरण निर्मित कर दिया।
आकर्षक रथों, दिगंबराचार स्वरूपों, मनोहारी धार्मिक झांकियों, मंगल ध्वनियों, जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच निकली यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बनी रही। सैकड़ों की संख्या में शामिल श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की। विभिन्न स्थानों पर समाजजन एवं नगरवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत कर धर्म की महिमा को नमन किया।
श्री 1008 महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर समिति द्वारा आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव 30 नवंबर से 5 दिसंबर तक चल रहा है। मंगलवार सुबह शांति जाप, नित्य नियम पूजन और प्रवचन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके पश्चात इंद्रसभा और राज्यसभा की दिव्य व्यवस्थाओं के बीच पार्श्व कुमार जन्मोत्सव का अतिभव्य आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को दिव्यता और पावनता से आलोकित कर दिया।
शोभायात्रा के बाद जन्माभिषेक, प्रवचन, सौधर्म इंद्र का तांडव नृत्य, सीडी प्रवचन, पालना झुलाना सहित कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रत्येक कार्यक्रम में समाजजनों और श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे महोत्सव की भव्यता और भी बढ़ गई।
जैन समाज के साथ अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन भी इस आध्यात्मिक आयोजन के साक्षी बने और पार्श्वनाथ प्रभु के कल्याणकों का दिव्य आनंद प्राप्त किया।