ताजासमाचार

उत्कृष्ट विद्यालय नीमच में भव्य गीता महोत्सव, कलेक्टर और अन्य अतिथियों की मौजूदगी में 1100 से अधिक छात्रों ने दिया आध्यात्मिक संदेश

डेस्क न्यूज 01 December, 2025 अन्य

नीमच। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती के उपलक्ष में उत्कृष्ट विद्यालय नीमच में जिला स्तरीय कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, मीना जयसवाल और गीता महोत्सव के जिला प्रभारी विपिन पुरोहित सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन, गीता पूजन और शंखनाद के साथ हुई, जिसका वाचन शंकर शुक्ला ने किया। इसके बाद स्वस्तिवाचन, गुरु वंदना, भगवद्गीता महात्म्य एवं प्रेरणा गीत का सस्वर गायन सांदीपनि विद्यालय नीमच की शिक्षिका रितु शर्मा व विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण श्रीमद्भगवद्गीता के पंचोदश अध्याय का सामूहिक पाठ रहा, जिसमें दिग्विजय पालीवाल के मार्गदर्शन में 1100 से अधिक छात्रों ने एकस्वर होकर 15वें अध्याय का पाठ और भावार्थ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में गीता आरती के उपरांत उपस्थित जनों को प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर राज्य स्तर से प्राप्त भगवान कृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित 94 तस्वीरों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका कलेक्टर सहित सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और गीता प्रेमियों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े विविध प्रसंगों को विस्तार से दर्शाया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला शिक्षा अधिकारी माँगरिया, डीपीसी दिलीप व्यास, एडीपीसी प्रलय उपाध्याय, प्राचार्य ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव, अनिल व्यास सहित कई विद्यालयों के शिक्षक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद शर्मा ने किया और आभार प्राचार्य व्यास ने व्यक्त किया।

Related Post