ताजासमाचार

मानवता की मिसाल: सांसद ने घायल व्यक्ति को अपनी गाड़ी में पहुंचाया अस्पताल

गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बचाई जान

न्यूज डेस्क 25 April, 2025

मंदसौर।  24 अप्रैल की रात करीब 11 बजे अफजलपुर निवासी भगवान सिंह सीतामऊ रोड पर कुमकुम गार्डन के सामने सड़क हादसे का शिकार हो गए। वह अचेत अवस्था में पड़े थे, लेकिन राह चलते कोई भी उनकी मदद को नहीं रुका, आसपास खड़े लोग भी मदद करने में असहाय थे।  

इसी दौरान धार से लौट रहे राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर की नजर घायल पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई। पहुंचकर देखा कि घायल व्यक्ति का काफी खून बहा है एवं अचेत अवस्था में पड़ा है। एम्बुलेंस एवं पुलिस के पहुंचने में देरी की संभावना को देखते हुए सांसद बंशीलाल गुर्जर ने अपने सुरक्षा अधिकारी व ड्राइवर की मदद से उक्त व्यक्ति को अपनी कार में ही लेकर उपचार हेतु शासकीय चिकित्सालय पहुंचाया, प्राथमिक उपचार कराया एवं परिजनों को सूचना की। समय पर उपचार मिलने से भगवान सिंह की जान बच गई।

गुर्जर ने घटना के बाद फेसबुक पोस्ट के जरिए लोगों से अपील की कि ऐसी स्थिति में इंसानियत दिखाते हुए मदद जरूर करें। साथ ही उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की — जैसे कि सीट बेल्ट पहनना, हेलमेट लगाना और नशे में ड्राइविंग से बचना।

Related Post