डेस्क न्यूज
18 November, 2025
अन्य
नीमच। जिले के दुलाखेड़ा (जमुनिया खुर्द) फोर लाइन क्षेत्र में जमीन विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। दो वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे और अनियमित निर्माण के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी उषा लोढ़ा एवं छाया लोढ़ा के प्रतिनिधि ने कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान विस्तृत ज्ञापन सौंपकर उद्योगपति धानुका सोया के मालिक पर उनकी जमीन पर बाउंड्रीवॉल खड़ी कर कब्जा करने का आरोप लगाया है।प्रार्थियों ने बताया कि उनका खसरा नंबर 15/1/1, हल्का नंबर 12, रकबा 0.15 हे. (लगभग 17,000 वर्गफीट) में बराबरी का स्वामित्व दर्ज है। जबकि शासकीय रिकॉर्ड में रकबा 0.17 हे. दर्ज किया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा इसे आवासीय भूमि बताए जाने के बाद कुछ लोगों ने मौके का फायदा उठाकर जबरन कब्जे की कोशिश की है। हैरानी की बात यह है कि कब्जाधारियों की रजिस्ट्री अन्य स्थानों की है, फिर भी वे इस खसरे पर अपना हक बता रहे हैं।वरिष्ठ नागरिकों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना नक्शे, बिना अनुमति और बिना सीमांकन के अवैध निर्माण कर लिया गया है। हाल ही में खसरा नंबर 16 में धानुका सोया के नाम हुई रजिस्ट्री की चतुर्सीमा और सीमांकन की भी जांच कराने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि विवादित खसरा 15/1/1 के हिस्से पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण करवाया गया है, जो पूरी तरह अवैध है और उनके स्वामित्व अधिकारों का सीधे तौर पर उल्लंघन है।प्रार्थियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, अवैध निर्माण पर रोक, भूमि का सीमांकन करवाने तथा कब्जे के प्रयासों को रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्होंने विभिन्न विभागों में कई बार आवेदन दिए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण वे मजबूर होकर जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर आए हैं। पीड़ितों ने कहा कि वे वरिष्ठ नागरिक हैं, इसलिए प्रशासन उनकी शिकायत पर तत्काल सुनवाई कर उन्हें न्याय दिलाए। ज्ञापन के साथ उन्होंने पूर्व में जमा किए गए आवेदन भी संलग्न किए हैं।