12 November, 2025
नीमच। पुलिस थाना बघाना ने मुस्कान विशेष अभियान के तहत सराहनीय सफलता प्राप्त की है। थाना बघाना की टीम ने मात्र 24 घंटे के भीतर अपहृत/गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।
यह कार्रवाई माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे “मुस्कान विशेष अभियान” के अंतर्गत की गई। इस अभियान का उद्देश्य गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी बघाना निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने तत्परता और कुशलता से कार्य करते हुए यह सफलता हासिल की।
घटना के अनुसार, दिनांक 10 नवंबर 2025 को फरियादी द्वारा थाना बघाना में अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण/गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 345/2025 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम ने लगातार सर्चिंग अभियान चलाया और मात्र 24 घंटे के भीतर, दिनांक 11 नवंबर 2025 को नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले किया।
इस सराहनीय कार्य में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, सउनि राजकुमार यादव, प्रआर मोनवीरसिंह, आर. ओमप्रकाश पारगी, आर. पंकज पाटीदार, आर. गिरधारीलाल, आर. कारूलाल गुर्जर, आर. नेपालसिंह, महिला आरक्षक पूजा मालवीय एवं महिला आरक्षक वर्षा राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।