न्यूज डेस्क
12 November, 2025
अन्य
नीमच। शहर व जिले में लगातार हो रही हरे-भरे पेड़ों की अवैधानिक कटाई को लेकर संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था (रजि.) नीमच ने बड़ा कदम उठाया है। संस्था ने मध्यप्रदेश शासन भोपाल तथा कलेक्टर नीमच को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले कई महीनों से शहर सहित जिले के ग्रामीण और वन क्षेत्रों में बिना अनुमति हरे-भरे पेड़ों की कटाई की जा रही है। इस संबंध में पूर्व में भी जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं नगर पालिका को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ज्ञापन में संस्था ने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में “एक पेड़ माँ के नाम” जैसी जन-जागृति मुहिम चलाई जा रही है, जबकि नीमच जिले में अवैध कटाई से हरित क्षेत्र का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है।
संस्था ने विशेष रूप से तहसील जिरन के हर्कियाखाल डेम के पास स्थित शासकीय नर्सरी में हुए गंभीर प्रकरण का उल्लेख किया है, जहां बिना किसी शासकीय अनुमति या टेंडर प्रक्रिया के बड़े-बड़े नीम, इमली, गुलर और नीलगिरी जैसे पेड़ों को जड़ सहित काटा गया।
संस्था के सदस्यों ने मौके पर जाकर कटे हुए पेड़ों के फोटो और वीडियो सबूत एकत्र किए हैं। संस्था का कहना है कि कुछ स्थानों पर पेड़ों के तनों को मिट्टी डालकर छिपाने का भी प्रयास किया गया है।
संकल्प संस्था ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे जिले में जहां-जहां पेड़ों की अवैधानिक कटाई हुई है, वहां तत्काल जांच कर संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। संस्था ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र र्रवाई नहीं की गई तो वह न्यायालय की शरण में जाने के लिए विवश होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, पर्यावरण एवं वन मंत्री तथा नगरीय प्रशासन विभाग को भी सादर प्रेषित की गई है।