डेस्क न्यूज
11 November, 2025
द वॉचमेन पोस्ट
पिछले कुछ समय में कई स्थापित न्यूज चैनल सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट या प्रतिद्वंद्वी चैनलों की हड़बड़ी भरी रिपोर्ट पर भरोसा करके गलत खबरें प्रसारित करने लगे हैं। मंगलवार को इसी जल्दबाजी का नतीजा यह हुआ कि धर्मेंद्र के निधन जैसी गंभीर और संवेदनशील जानकारी भी बगैर परिवार से आधिकारिक पुष्टि किए चला दी गई। देश की सेलेब्रिटी एंकर में शुमार अंजना ओम कश्यप तक ने धर्मेन्द्र की मौत की खबर ब्रेक की और बाकायदा पी2सी कर उनकी फिल्मों के नाम और हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान का जिक्र कर दिया। यहाँ तक कि देश के रक्षा मंत्री तक ने इस झूठी खबर पर श्रद्धांजलि पोस्ट कर दी।
मुंबई। वरिष्ठ अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की अफवाह मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर फैलनी शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में कई प्रमुख मीडिया संस्थानों ने इसे ‘ब्रेकिंग न्यूज़’ की तरह प्रसारित कर दिया। नतीजा यह हुआ कि देशभर में श्रद्धांजलि संदेशों की बाढ़ आ गई। कुछ ही समय बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तक ने X (पूर्व ट्विटर) पर शोक संदेश पोस्ट कर दिया।हालांकि, थोड़ी देर बाद परिवार ने साफ किया कि जानकारी पूरी तरह झूठी है। 89 वर्षीय धर्मेंद्र मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
अभिनेता की बेटी ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर लिखा,
“मीडिया ज़रूरत से ज़्यादा सक्रिय होकर गलत खबरें फैला रही है। मेरे पापा स्थिर हैं और ठीक हो रहे हैं। परिवार को थोड़ी निजता दें। पापा के जल्द स्वस्थ होने के लिए सभी का धन्यवाद।”
देश का रक्षा मंत्री झूंठी खबरों के लपेटे में
गलत खबरों के आधार पर की गई श्रद्धांजलि पोस्ट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी विवादों में आ गए। उन्होंने असत्य समाचारों के आधार पर धर्मेन्द्र को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि, “वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी के निधन से अत्यंत दुखी हूँ…”
हेमा मालिनी ने लगाई फटकार
इस सब के बाद हेमा मालिनी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि-, “यह जो हो रहा है, वह अक्षम्य है। कोई जिम्मेदार मीडिया संस्था किसी ऐसे व्यक्ति को मृत कैसे घोषित कर सकती है, जो अस्पताल में उपचार ले रहा है? यह गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक है। परिवार की निजता का सम्मान करें।”
धर्मेंद्र की टीम ने भी आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि अभिनेता की हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में सुधार हो रहा है।
उनकी टीम ने अपील की कि अफवाहें न फैलाएँ और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। अफवाह फैलते ही देश भर में फैंस और सेलेब्रिटीज़ ने श्रद्धांजलि पोस्ट करनी शुरू कर दी थीं, जिससे माहौल गंभीर हो गया । परिवार द्वारा खंडन जारी होने के बाद फैंस ने राहत की सांस ली।
अंजना ओम कश्यप ने सच बताने की बजाए कर दी मौत की घोषणा
आजतक की एंकर अंजना ओम कश्यप ने लाइव शो में घोषणा की कि थी, “धर्मेंद्र जी का निधन हो गया।”
हालांकि कुछ समय बाद हेमा मालिनी और इशा देओल द्वारा दी गई जानकारी से स्पष्ट हुआ कि यह रिपोर्ट ग़लत थी और अभिनेता स्वस्थ हैं। 89 वर्षीय धर्मेंद्र, जिन्होंने शोले, फूल और पत्थर, चुपके चुपके और कई कालजयी फिल्मों में अभिनय किया है, भारतीय सिनेमा के सबसे प्रिय और सम्मानित कलाकारों में शामिल हैं।